बाराही मेला-2026, सूरजपुर: रागनियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा मेला प्रांगण, कलाकारों ने बांधा समा
सूरजपुर, दिनांक 08 अप्रैल 2026 (बुधवार):
प्राचीनकालीन एवं ऐतिहासिक बाराही मेला-2026 के अंतर्गत बुधवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रागनी, भजन और लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेले का वातावरण लोक संस्कृति की सुरमयी गूंज से सराबोर रहा, जहां कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समा बांध दिया।
कार्यक्रम में जयवीर भाटी और सुरेंद्र भाटी एंड पार्टी (कुलीपुरा) के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक रागनियों की प्रस्तुति दी। जयवीर भाटी ने “मां बाराही की कृपा से, पूर्ण यहां हर काम हुआ, सूरजपुर बाराही के यहां से दुनिया में सब नाम हुआ…” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति भाव में डुबो दिया। यह भजन शिव मंदिर सेवा समिति के महासचिव ओमवीर बैसला द्वारा रचित है, जिसे दर्शकों ने विशेष सराहना के साथ सुना और सराहा।
वहीं नरेश नागर ने गोपीचंद के प्रसंग पर आधारित रागनी प्रस्तुत कर लोकगाथा की परंपरा को जीवंत किया और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। अनु चौधरी और जयवीर भाटी की जोड़ी ने सत्यवान-सावित्री की कथा पर आधारित आमने-सामने की रागनी प्रस्तुत की, जिसने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। उनके बोल—
“उतर पेड़ तले एक बार लकड़हारे, क्यों खोवे से टाइम हम लकड़ी काटने वाले चली जा…”
दर्शकों के बीच खूब सराहे गए।
सुरेंद्र भाटी और सरिता कश्यप ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इसके साथ ही भावना (गाजियाबाद), डोली शर्मा (मेरठ) और अनु चौधरी (बुलंदशहर) ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर मंच पर ऊर्जा और उत्साह का संचार किया, जिससे पूरा मेला प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणवी भजन गायक एवं बाबा मोहन राम के भजनों के रचयिता महेश नागर (रचौती) उपस्थित रहे। शिव मंदिर सेवा समिति द्वारा उनका माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर भव्य स्वागत किया गया। महेश नागर ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया और दर्शकों में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो, तब तक रुकना नहीं चाहिए। दृढ़ संकल्प और मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।” उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे एक सिंगर होने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस में भी सेवाएं दे रहे हैं, जो इस बात का उदाहरण है कि लगन और परिश्रम से हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्होंने समाज को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए सभी से संकल्प भी कराया।
मेले के मध्य स्थित दूसरे लोक कला मंच पर भी प्रतिदिन गीत-संगीत एवं नृत्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को आरसीएफ इवेंट (हरियाणवी डांस ग्रुप) के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। ग्रुप के डायरेक्टर राजा चौधरी ने बताया कि “बरसाने गोरी”, “ड्यूटी फाक डांस”, पंजाबी डांस और “जूनियर दलजीत सॉन्ग” जैसी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर शिव मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष धर्मपाल प्रधान, महासचिव ओमवीर बैसला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंघल, पवन जिंदल, योगेश अग्रवाल, हरिकिशन, धर्मवीर तंवर, राजकुमार नागर, राजवीर शर्मा, रवि भाटी, धर्मपाल मेंबर सहित अनेक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा ने जानकारी दी कि आगामी शुक्रवार, 10 अप्रैल को कालू इंदौर एंड पार्टी के कलाकार—राधा चौधरी, छाया चौधरी, पायल चौधरी, हनुमान पोसवाल और जगत दायमा—अपनी विशेष रागनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
बाराही मेला-2026 निरंतर लोक संस्कृति, भक्ति और सामाजिक संदेशों का संगम बनकर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।
संपर्क सूत्र:
महासचिव: ओमवीर सिंह बैसला – 9811810071
मीडिया प्रभारी: मूलचंद शर्मा – 9312274171
शिव मंदिर सेवा समिति (पंजी.)
प्राचीन बाराही मंदिर परिसर, सूरजपुर
ग्रेटर नोएडा, जिला गौतमबुद्धनगर (उ.प्र.)
जारी कर्ता:
शिव मंदिर सेवा समिति (पंजी.)
प्राचीन बाराही मंदिर परिसर, सूरजपुर
ग्रेटर नोएडा, जिला गौतमबुद्धनगर (उ.प्र.)
दिनांक: 09 अप्रैल 2026

