*यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों एवं होटल संचालकों के साथ की बैठक*
*शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ट्रेड शो से जोड़ने तथा होटल संचालकों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश*
*गौतमबुद्धनगर 14 सितंबर 2026*
आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट सभागार में जनपद के शिक्षण संस्थानों एवं होटल संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रेड शो को सफल बनाने में शिक्षण संस्थानों एवं होटल संचालकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर से आने वाले अतिथियों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, शैक्षणिक, उद्यमिता, नवाचार एवं प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में जनपद के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों की इसमें सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ट्रेड शो से अधिक से अधिक जोड़ें। विद्यार्थियों को ट्रेड शो में भ्रमण के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि उन्हें देश-विदेश से आने वाले उद्योगों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, तकनीक एवं नवाचार से प्रत्यक्ष रूप से परिचित होने का अवसर प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा वर्ग प्रदेश की नई सोच, नवाचार एवं प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को जोड़ने से उन्हें उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, नवीन तकनीकों, उद्यमिता के अवसरों तथा वैश्विक व्यापार की बदलती आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे अपने स्तर पर विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए ट्रेड शो से संबंधित जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित करें तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को आयोजन में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शिक्षण संस्थान अपने शैक्षणिक, शोध, नवाचार, स्टार्टअप एवं रचनात्मक कार्यों से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की दिशा में कार्य करें। इससे जनपद के शिक्षण संस्थानों की क्षमता एवं उपलब्धियों को व्यापक मंच प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत, शिक्षण संस्थान और युवा वर्ग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से विद्यार्थियों को रोजगार, उद्यमिता, शोध एवं नवाचार के नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो इस दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों से ट्रेड शो के संबंध में अपने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के बीच व्यापक जागरूकता उत्पन्न करने तथा आयोजन में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों से कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का व्यापक प्रचार प्रसार हो सके इसलिए सभी अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में पंपलेट एवं होर्डिंग लगाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों से अपील की कि स्मार्ट क्लास एवं स्क्रीन का उपयोग विषय की आवश्यकता एवं विद्यार्थियों की बेहतर समझ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग विद्यार्थियों के शिक्षण अनुभव को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने में सहायक है। साथ ही, शिक्षण कार्य में व्हाइट बोर्ड सहित पारंपरिक एवं आधुनिक दोनों शिक्षण विधियों का संतुलित एवं आवश्यकता के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को विषयवस्तु की बेहतर समझ विकसित हो सके।
*होटल संचालकों को अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश*
शिक्षण संस्थानों के साथ बैठक के उपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होटल संचालकों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रेड शो के दौरान जनपद में आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अतिथियों, उद्यमियों, निवेशकों एवं अन्य आगंतुकों के लिए बेहतर आवासीय एवं आतिथ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने होटल संचालकों से कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 जनपद गौतमबुद्ध नगर एवं उत्तर प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में होटल संचालक अतिथियों को उच्चस्तरीय, सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर जनपद की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि होटल संचालक ट्रेड शो के दौरान आने वाले अतिथियों के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करें तथा होटल में साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रखें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होटल संचालकों द्वारा निर्धारित दरों एवं बुकिंग से संबंधित नियमों का पूर्ण पालन किया जाए। किसी भी अतिथि अथवा आगंतुक से निर्धारित दर से अधिक राशि न वसूल की जाए यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अतिथियों के आने की संभावना है। ऐसे में होटल संचालक अपने यहां उपलब्ध कमरों, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समुचित तैयारी पहले से सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी भी अतिथि को असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने होटल संचालकों से अपील की कि वे विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को सफल बनाने में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें और अतिथियों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं उत्कृष्ट आतिथ्य अनुभव प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने सभी होटल संचालकों से प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा ट्रेड शो के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

