Bharat Vandan News
Image default
राजनीतिक

वोट बचाओ–देश बचाओ आंदोलन के तहत गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने भरी हुंकार, दादरी और जेवर विधानसभा में संगठनात्मक बैठकों के बाद जेवर में निकाला जोरदार आक्रोश मार्च

वोट बचाओ–देश बचाओ आंदोलन के तहत गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस ने भरी हुंकार, दादरी और जेवर विधानसभा में संगठनात्मक बैठकों के बाद जेवर में निकाला जोरदार आक्रोश मार

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर बूथ पर तैनात होंगे वोट रक्षक, मतदाता सूची से हटाए गए नामों का होगा घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन – डॉ० रागिनी नायक

वोट के अधिकार पर हमला लोकतंत्र की बुनियाद पर हमला है, एक भी पात्र मतदाता को उसके संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं होने देंगे – दीपक भाटी चोटीवाला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आंदोलन के अंतर्गत आज जनपद गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस पार्टी द्वारा संगठनात्मक बैठकों एवं आक्रोश मार्च के माध्यम से लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का संकल्प लिया गया।
इस अभियान के तहत कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आंदोलन की जिला समन्वयक डॉ०  रागिनी नायक की विशेष उपस्थिति में दादरी एवं जेवर विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली की तैयारियों, बूथ स्तर पर वोट रक्षकों की नियुक्ति तथा मतदाता सूचियों से हटाए गए मतदाताओं के भौतिक सत्यापन को लेकर विस्तृत योजना पर चर्चा की गयी।
इसके उपरांत जेवर कस्बे में जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैना रोड से जेवर तहसील तक ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आक्रोश मार्च निकालकर मताधिकार की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को बुलंद किया।
आज कार्यक्रम के प्रथम चरण में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जिला कार्यालय पर दादरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि डॉ. रागिनी नायक ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आंदोलन की व्यापक रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक मताधिकार की रक्षा का जन आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, प्रत्येक बूथ पर समर्पित वोट रक्षकों की नियुक्ति करने तथा मतदाता सूचियों से हटाए गए नामों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूचियों की गंभीरता से जांच करेंगे। जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनकी वास्तविक स्थिति का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं के नाम पुनः जुड़वाने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क करने तथा अधिकाधिक लोगों तक आंदोलन का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया। दादरी विधानसभा की बैठक के उपरांत डॉ. रागिनी नायक जेवर पहुंचीं, जहां जेवर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की अलग बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेवर विधानसभा के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आंदोलन को प्रभावी बनाने, बूथ स्तर पर वोट रक्षकों की नियुक्ति, मतदाता सूचियों के सत्यापन तथा प्रस्तावित महारैली की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति गांव, कस्बे और प्रत्येक मतदान केंद्र पर मौजूद मतदाता है। इसलिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करने का प्रयास करे कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम अनुचित रूप से मतदाता सूची से न हटे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने संबंधी शिकायतों का तथ्यात्मक विवरण एकत्र किया जाए तथा संबंधित नागरिकों को निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत अपना नाम जुड़वाने में सहयोग प्रदान किया जाए।
संगठनात्मक बैठक के पश्चात कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में जेवर कस्बे में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आक्रोश मार्च निकाला गया। बैना रोड से प्रारंभ हुआ यह मार्च जेवर तहसील तक पहुंचा। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में आंदोलन के संदेश वाली तख्तियां लेकर लोकतंत्र, संविधान एवं मताधिकार की रक्षा के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
‘वोट बचाओ–देश बचाओ’, ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’, ‘लोकतंत्र की रक्षा करो’ और ‘संविधान का सम्मान करो’ जैसे नारों के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं जवाबदेही की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की अनिवार्य शर्त है।
जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा भारत का संविधान प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार देता है और इस अधिकार की रक्षा करना हम सभी का लोकतांत्रिक दायित्व है। कांग्रेस पार्टी किसी भी पात्र मतदाता को उसके अधिकार से वंचित किए जाने के विरुद्ध मजबूती से खड़ी है।
आज देश के सामने सबसे बड़ा सवाल चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और जनता के विश्वास को बनाए रखने का है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम बिना उचित कारण मतदाता सूची से हटाया जाता है तो यह केवल एक व्यक्ति के अधिकार का प्रश्न नहीं, बल्कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर विषय है। हम अपने कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर वोट रक्षक के रूप में तैयार कर रहे हैं। ये वोट रक्षक मतदाता सूचियों का अध्ययन करेंगे, हटाए गए नामों का भौतिक सत्यापन करेंगे और पात्र मतदाताओं को उनका नाम पुनः जुड़वाने में सहयोग करेंगे।
दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को एक मजबूत राष्ट्रीय स्वर प्रदान करेगी। कांग्रेस का यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मूल भावना, संविधान की सर्वोच्चता और देश के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। यही वोट सरकारें बनाता है, सत्ता परिवर्तन करता है और जनता को अपने प्रतिनिधियों से जवाब मांगने का अधिकार देता है। यदि इस अधिकार के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता होती है तो यह लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर करती है।
गौतमबुद्ध नगर की दादरी और जेवर विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस पार्टी अपने वोट रक्षक नियुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य है कि मतदाता सूची से हटाए गए प्रत्येक नाम की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए और कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे। हम गांव-गांव जाकर मतदाता सूचियों की जांच करेंगे, घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग प्रदान करेंगे।
आज ग्रेटर नोएडा वेस्ट और जेवर में आयोजित बैठकों के माध्यम से हमने संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। जेवर में निकला आक्रोश मार्च इस बात का संदेश है कि गौतमबुद्ध नगर का कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष करने को तैयार है।
हम निर्वाचन आयोग से अपेक्षा करते हैं कि मतदाता सूचियों से संबंधित प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। हमारा संकल्प स्पष्ट है न किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से कटने देंगे और न ही लोकतंत्र की आवाज को दबने देंगे। संविधान की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
बैठकों में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी ने दादरी एवं जेवर विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने, बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा मतदाता सत्यापन अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने पर जोर दिया। आज आयोजित तीनों कार्यक्रमों के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया कि गौतमबुद्ध नगर में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ आंदोलन को बूथ स्तर से लेकर सड़कों तक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
आज के कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से अजय चौधरी, दुष्यंत नागर, विजय नागर, गौतम अवाना, दिनेश अवाना, तीरथराम वाल्मीकि, सूबेदार सतपाल सिंह, सतीश शर्मा, धर्मवीर प्रधान, अजय छोंकर, गणेश मीणा, अशोक पंडित, राजू राव, मोहम्मद तकी, हबीब इदरीशी, मुकेश शर्मा, रिज़वान चौधरी, आर० के० प्रथम, नीरज लोहिया, भगवती शर्मा, निशा शर्मा, शीबा राय, सुबोध भट्ट, हरेंद्र शर्मा, धर्म सिंह, रमेश वाल्मीकि, सचिन जीनवाल, रमेश बघेल, सचिन शर्मा, कपिल भाटी, प्रिंस भाटी, नीतीश चौधरी, गजन प्रधान, गुलाब जाटव, पुनीत मावी, नीरज शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सादर

दीपक भाटी चोटीवाला
जिला अध्यक्ष, कांग्रेस – गौतमबुद्ध नगर
सदस्य – AICC

+91 9910 17 4200

Related posts

*जनपद के माननीय ने प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह जी ने बाल चिकित्सा एवं स्नातकोत्तर शैक्षणिक संस्थान नोएडा का किया स्थलीय निरीक्षण*

admin

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि देश की पूरी जानकारी देश के हर नागरिक तक पहुंचे,

admin

यू पी आई पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में जिला कांग्रेस गौतमबुद्ध नगर का जनजागरण मार्च, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

admin