Bharat Vandan News
Image default
प्रशासनिक

रात्रिकालीन निरीक्षण में हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का जायजा, जल्द पूरी तरह प्रकाशमय होगा ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र : IBA

रात्रिकालीन निरीक्षण में हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का जायजा, जल्द पूरी तरह प्रकाशमय होगा ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र : IBA

ग्रेटर नोएडा, कल रात्रि लगभग 8:00 बजे इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय के नेतृत्व में IBA के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के ओएसडी श्री अभिषेक पाठक, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक श्री अजीतभाई पटेल, प्रबंधक श्री विपिन कुमार एवं तकनीकी अधिकारी श्री नेत्रपाल के साथ ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का रात्रिकालीन संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान हाईमास्ट लाइटों एवं स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली, प्रकाश की तीव्रता (Lux Level), गुणवत्ता तथा जिन स्थानों पर पोल उपलब्ध न होने के कारण स्ट्रीट लाइटें अभी स्थापित नहीं हो सकी हैं, उनका विस्तृत सर्वेक्षण किया गया। अधिकारियों ने उन सभी स्थानों को चिन्हित कर शीघ्र पोल स्थापित करने एवं शेष स्ट्रीट लाइटें लगाने का आश्वासन दिया। साथ ही जहाँ पेड़ों की शाखाएँ प्रकाश में बाधा बन रही हैं, वहाँ हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा शीघ्र छंटाई कराने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक तथा घंटा चौक से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों पर भी शीघ्र बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा ईकोटेक-3 के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग स्थापित कर औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक एवं सौंदर्ययुक्त स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर IBA अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय के साथ संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष श्री नरेश चौहान, सेक्टर सचिव (ईकोटेक-3) श्री अरविंद भाटी तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री संजय पांचाल भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जहाँ-जहाँ हाईमास्ट लाइटें प्रकाशित थीं, वहाँ सचमुच रात में दिन जैसा वातावरण दिखाई दिया। अधिकांश स्ट्रीट लाइटें भी संचालित हो चुकी हैं तथा शेष लाइटें चालू होते ही पूरा ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र पूर्णतः प्रकाशमय हो जाएगा। भारतीय संस्कृति में प्रकाश को सुख, समृद्धि एवं माँ लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है और यह पहल औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा, सुगमता एवं विकास का नया अध्याय सिद्ध होगी।

IBA अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय ने कहा—

“इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि प्राधिकरण के साथ मिलकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। पिछले कई वर्षों से IBA लगातार स्ट्रीट लाइट, सड़क, जल निकासी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए सर्वेक्षण, सुझाव और फॉलो-अप करता रहा है। आज ईकोटेक-3 में दिखाई दे रहा यह परिवर्तन सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हमें विश्वास है कि शीघ्र ही पूरा क्षेत्र आधुनिक, सुरक्षित एवं प्रकाशमय औद्योगिक क्षेत्र के रूप में अपनी नई पहचान बनाएगा।”

IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री कृष्ण शर्मा ने कहा—

“रात्रिकालीन निरीक्षण से स्पष्ट है कि प्राधिकरण गुणवत्ता के साथ कार्य कर रहा है। IBA आगे भी प्रत्येक विकास कार्य की गुणवत्ता पर अपनी सकारात्मक निगरानी रखेगा ताकि उद्यमियों को विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।”

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री रवि कुमार एन.जी. ने कहा—

“ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से युक्त बनाना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट, सड़क, जल निकासी, हरित विकास एवं अन्य आवश्यक कार्यों को चरणबद्ध तरीके से तेजी से पूरा कराया जा रहा है। उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण पूर्णतः प्रतिबद्ध है।”

ओएसडी श्री अभिषेक पाठक ने कहा—

“करीब दो वर्ष पहले जब हमने रात्रि में ईकोटेक-3 का निरीक्षण किया था, तब कई स्थानों पर गहरा अंधेरा और डार्क स्पॉट थे। आज उन्हीं मार्गों पर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की रोशनी में श्रमिकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित आते-जाते देखना अत्यंत संतोष और गर्व का विषय है। यह टीमवर्क और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। IBA द्वारा समय-समय पर दिए गए सुझाव और निरंतर सहयोग भी इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण रहे हैं। जहाँ भी अभी स्ट्रीट लाइटें शेष हैं, उन्हें भी शीघ्र पूरा कराया जाएगा।”

इस अवसर पर IBA के सभी पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री रवि कुमार एन.जी., अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती प्रेरणा सिंह, ओएसडी श्री अभिषेक पाठक, महाप्रबंधक (परियोजना) श्री आशीष कुमार सिंह तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिस गति और गुणवत्ता के साथ ईकोटेक-3 सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्य हो रहे हैं, उससे आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी।

इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने विश्वास व्यक्त किया कि प्राधिकरण और उद्यमियों के बीच इसी प्रकार के सकारात्मक समन्वय से ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्र देश के सबसे आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेंगे।

Industrial Business Association (IBA)

“The Voice of Industries”

Related posts

चौराहों व मार्गों को रेहड़ी-पटरी से मुक्त रखें : एसीईओ

admin

*ओखला पक्षी विहार नोएडा में मनाया गया वन महोत्सव कार्यक्रम* *वन महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा0 राज्य मंत्री केपी मलिक जी रहे उपस्थित*

admin

ग्रेनो, आईआईटीजीएनएल, एमएमएलएच-एमएमटीएच का अध्ययन करने आए 6 आईएएस अफसर ————————– –ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ व एसीईओ ने साझा की जानकारी

admin