Bharat Vandan News
Image default
प्रशासनिक

अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में यू0पी0 ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस एवं प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न*

*अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में यू0पी0 ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस एवं प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न*

*यू0पी0 इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए यातायात, सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*

*गौतमबुद्धनगर 11 सितंबर, 2026*

आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यू0पी0 इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण को भव्य एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा के सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रेड शो के दौरान आगंतुकों, प्रतिभागियों एवं विशिष्ट अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में यातायात व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, आयोजन स्थल तक सुगम आवागमन, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, साइनेज, ब्रांडिंग तथा आगंतुकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं तथा विभागों के मध्य बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि यू0पी0 इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश, व्यापार एवं उद्यमिता को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्यमियों, निवेशकों, खरीदारों एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ आमजन के भी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगंतुकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल के आसपास एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग, डायवर्जन एवं दिशा-सूचक बोर्ड की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। साथ ही पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था, शटल सेवा एवं आयोजन स्थल तक आगंतुकों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि आयोजन स्थल एवं इसके आसपास स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था तथा प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध रहें। आगंतुकों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों एवं आयोजन स्थल के आसपास स्पष्ट एवं आकर्षक साइनेज लगाए जाएं। साथ ही यू0पी0 इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की व्यापक ब्रांडिंग के लिए आवश्यक स्थानों पर होर्डिंग, फ्लेक्स एवं एलईडी डिस्प्ले आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रेड शो की तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि यू0पी0 इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जा सके।
बैठक में डीसीपी रवि शंकर निम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ उदित नारायण पाण्डेय, आरएम नोएडा एम. के. सिंह, एआरएम ग्रेटर नोएडा समीना अंजुम, एआरएम गाजियाबाद एस.डी. शर्मा, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह, एसीपी ट्रैफिक शकील मौ0, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।

Related posts

कैलिब्रेशन फ्लाइट एक अनिवार्य परीक्षण है जो हवाई अड्डों और विमानन उपकरणों की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए किया जाता

admin

समझौता ज्ञापन (MoU) यह समझौता ज्ञापन (MoU) दिनांक 6 मई 2026 को ग्रेटर नोएडा में संपन्न हुआ।

admin

उद्योगों की समस्याओं को हल करने के लिए प्राधिकरण और उद्यमियों की बैठक

admin