Bharat Vandan News
Image default
प्रशासनिक

*विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता हेतु जनपद में 20 नवंबर से संचालित होंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र

*विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता हेतु जनपद में 20 नवंबर से संचालित होंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र

*जिला मुख्यालय सहित नोएडा, दादरी एवं जेवर तहसील में स्थापित किए गए प्रदर्शन केंद्र*

*मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस से निकाली गईं ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें*

*गौतमबुद्धनगर 19 नवंबर 2026*

मा0 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से जनपद में 20 नवंबर 2026 से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (EDC) संचालित किए जाएंगे। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस से मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें निकाली गईं। इसके उपरांत इन मशीनों को प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए निर्धारित रिजर्व वेयरहाउस में निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षित रखवाया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट एवं तहसील स्तर पर 61-नोएडा, 62-दादरी तथा 63-जेवर विधानसभा में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों का संचालन 20 नवंबर से प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक किया जाएगा। यहां आने वाले मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने तथा वीवीपैट के जरिए अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे मतदाता मतदान प्रक्रिया को सहजता से समझ सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी प्रदर्शन केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ बैनर एवं स्टैंडी लगाने सहित समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें जागरूकता एवं प्रदर्शन के लिए आने वाले मतदाताओं का विवरण तथा ईवीएम में रिकॉर्ड किए गए मतों का दैनिक लेखा-जोखा दर्ज किया जाएगा। जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन प्रदर्शन समाप्त होने के उपरांत कंट्रोल यूनिट (सीयू) के परिणाम को क्लियर किया जाएगा तथा वीवीपैट ड्रॉप बॉक्स से पेपर स्लिप निकालकर सम्बंधित नामित अधिकारी के माध्यम से श्रेडिंग मशीन से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विनष्ट कराया जाएगा। यह प्रक्रिया प्रतिदिन दोहराई जाएगी। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए निर्धारित ईवीएम एवं वीवीपैट का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के साथ ही उनके रख-रखाव एवं सुरक्षा के संबंध में मा0 आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से अनुपालन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए रिजर्व स्ट्रांग रूम को खोलने एवं बंद करने का उत्तरदायित्व सम्बंधित नामित अधिकारी का होगा, जो मशीनों का विवरण लॉगबुक में अंकित करेंगे। रिजर्व स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी तथा पुलिस बल का ड्यूटी रोस्टर भी निर्धारित किया गया है। प्रतिदिन प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम की समाप्ति के बाद ईवीएम एवं वीवीपैट को रिजर्व वेयरहाउस में सुरक्षित भंडारित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि तहसील स्तर पर संबंधित उप जिलाधिकारी प्रतिदिन ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों का पर्यवेक्षण करें तथा इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारी अपने दायित्व का शत् प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से जनपद के मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा तथा वे ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, समाजवादी पार्टी जिला प्रभारी अनूप तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष रोहित गुर्जर, कांग्रेस से जिला सचिव प्रिंस भाटी, बहुजन समाज पार्टी से विधानसभा संयोजक मुकेश राठी, कार्यकर्ता टीनू प्रशांत, बसपा से सदस्य सूरज पाल, सीपीआई(एम) सदस्य गंगेश्वर दत्त सहित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।

Related posts

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण–20–दिसंबर–2025 – ग्रैप-4 के नियमों का उल्लं25घन वालों पर ग्रेनो प्राधिकरण की कार्रवाई जारी —————————————– –शुक्रवार को भी 32 कंपनियों व व्यक्तियों पर लगाई 78.25 लाख की पेनल्टी –प्राधिकरण के वर्क सर्किल की टीम अपने एरिया में जांच कर कारवाई कर रही

admin

तीनों तहसीलों में 161 शिकायतें हुई दर्ज, 11 शिकायतों का अधिकारियों के माध्यम से मौके पर निस्तारण* *जिलाधिकारी ने बाल विवाह रोकथाम एवं नशा मुक्ति की दिलाई शपथ*

admin

चार मूर्ति चौक पर निर्मित अंडरपास का ट्रायल 5 नवंबर से शुरू

admin