– जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन, पत्रकारों एवं कांग्रेसजनों ने साझा कीं शुभकामनाएँ।
आदरणीय प्रिय पत्रकार बंधू
नमस्कार,
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा प्रत्येक वर्ष की भाँति दीपावली मिलन समारोह का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित YMCA क्लब में हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के प्रमुख समाचार पत्रों, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय समाचार चैनलों, डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े प्रतिष्ठित पत्रकारों, वरिष्ठ मीडियाकर्मियों तथा कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर राजनीतिक गतिविधियों और औपचारिक कार्यक्रमों से अलग एक आत्मीय एवं पारिवारिक वातावरण देखने को मिला। पत्रकारों एवं कांग्रेसजनों ने आपसी संवाद के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, जनहित के विषयों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार साझा किए।
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा, दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव, विश्वास और सामाजिक एकता के प्रकाश को फैलाने का अवसर भी है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाने वाला यह दीपावली मिलन समारोह हमारे लिए केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने पत्रकार साथियों, शुभचिंतकों और कांग्रेस परिवार के सदस्यों के साथ आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत करने का एक सुंदर अवसर है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्तंभ है। एक सजग, स्वतंत्र और निर्भीक मीडिया ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को जीवंत बनाए रखता है। पत्रकार समाज और सत्ता के बीच संवाद का सेतु होने के साथ-साथ आम जनता की आवाज को बुलंद करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। राजनीतिक दलों और पत्रकारों के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनहित के प्रति सम्मान सदैव बना रहना चाहिए।
दीपक भाटी चोटीवाला ने आगे कहा कि गौतमबुद्ध नगर के पत्रकार साथियों ने सदैव जनपद की सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहित से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता से उठाया है। अनेक अवसरों पर पत्रकार साथियों ने जनसमस्याओं को प्रशासन और शासन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम उनके इस योगदान का हृदय से सम्मान करते हैं। हमारा प्रयास है कि पत्रकारों और कांग्रेस संगठन के बीच आपसी सम्मान, विश्वास एवं संवाद का यह रिश्ता निरंतर मजबूत होता रहे।
दीपक भाटी चोटीवाला ने यह भी कहा कि आने वाले वर्ष की दीपावली पर जब हम पुन: मिलेंगे तब तानाशाही भरा यह राज बदल चुका होगा कांग्रेस गठबंधन की उत्तर प्रदेश में सरकार होगी जिससे स्थानीय किसानों और नौजवानों को लाभ होगा।
समारोह के दौरान पत्रकारों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच आत्मीय संवाद और सौहार्द का वातावरण बना रहा। उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।
आज के कार्यक्रम में चरण सिंह, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, मुकेश शर्मा, तेजवीर सिंह, नीरज लोहिया, सतीश शर्मा, निशा शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, किशन शर्मा, देवेश चौधरी, विजय नागर, रघुराज शर्मा, पुनीत मावी, कैलाश बंसल, धर्म सिंह, शीबा राय, शिवानी सिंह, नरेश शर्मा, सुबोध भट्ट, श्रुति कुमारी, अमित कुमार, सचिन जीनवाल, प्रिंस भाटी, नीरज शर्मा, दयानन्द नागर, आलोक शर्मा हबीब इदरीशी, महकार सिंह, महेश नागर, मोहित भाटी, दीपक कुमार, भूपेन्द्र सिंह, नूर मोहम्मद, जमरुद्दीन आदि कांग्रेस कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
सादर
—
दीपक भाटी चोटीवाला
जिला अध्यक्ष, कांग्रेस – गौतमबुद्ध नगर
सदस्य – AICC

