Bharat Vandan News
Image default
प्रशासनिक

जनगणना-2027: गौतमबुद्धनगर में 16 से 30 नवंबर तक आम जनमानस कर सकेंगे स्वगणना*

*जनगणना-2027: गौतमबुद्धनगर में 16 से 30 नवंबर तक आम जनमानस कर सकेंगे स्वगणना*

 

*स्वगणना में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनपद में चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान*

 

*जनपद के 12 चार्जों में लगभग 8,000 प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे जनगणना का कार्य*

 

*गौतमबुद्धनगर 15 नवंबर, 2026*

 

 

जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/जिला जनगणना अधिकारी ने जनपद के समस्त आम जनमानस को बताया कि राष्ट्रीय महत्व के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के मध्य स्वयं एवं अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूर्ण करें। साथ ही, जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के दौरान प्रगणकों के घर पहुंचने पर उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य उत्तर प्रदेश में 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक संपन्न कराया जाएगा। इसके उपरांत 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड (पुनरीक्षण चरण) आयोजित किया जाएगा।

जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से इस बार क्षेत्रीय कार्य प्रारंभ होने से पूर्व आम जनमानस को स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जनगणना करने का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। इस प्रक्रिया को स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कहा जाता है। इसके तहत जनसामान्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

स्वगणना के लिए आम जनमानस भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर परिवार के किसी एक सदस्य के मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं। एक ही मोबाइल नंबर का उपयोग कर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज किया जा सकेगा। स्वगणना के दौरान प्रत्येक सदस्य से संबंधित कुल 40 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे, जिनमें आयु, शिक्षा, माता-पिता से संबंधित विवरण, धर्म, जाति, प्रवास (माइग्रेशन), आधार संख्या, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यक्तिगत जानकारियां शामिल हैं।

स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत संबंधित परिवार को एक विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी) प्राप्त होगी। परिवार को इस पहचान संख्या को सुरक्षित रखना होगा तथा जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के दौरान जब प्रगणक घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। प्रगणक इस आईडी के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे और आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर परिवार की जनगणना संपन्न करेंगे।

जनपद में स्वगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता एवं अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत अलग-अलग दिवसों पर विभिन्न जनसमुदायों एवं वर्गों को लक्षित करते हुए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक परिवार ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकें।

जनपद गौतमबुद्धनगर में जनगणना कार्य के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन के लिए कुल 12 चार्जों के अंतर्गत लगभग 8,000 प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क स्थापित करते हुए जनगणना संबंधी जानकारी एकत्रित करेंगे। इस कार्य में लगाए गए प्रगणकों का प्रशिक्षण भी पूर्ण कराया जा चुका है, जिससे निर्धारित समयावधि में जनगणना की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

Related posts

चीनी के स्टॉक एवं मूल्य को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों एवं स्टॉक होल्डरों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

admin

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे हेतु एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी (AEPC) व एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति(AEMC )की बैठक संपन्न*

admin

चौराहों व मार्गों को रेहड़ी-पटरी से मुक्त रखें : एसीईओ

admin