*विकासखण्ड- बिसरख परिसर जनपद गौतमबुद्धनगर में आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत कुल 09 जोड़ों का सामूहिक विवाह/निकाह कराया गया सम्पन्न*
*गौतमबुद्धनगर 11 दिसंबर 2025*
विकासखण्ड-बिसरख परिसर जनपद गौतमबुद्धनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत कुल 09 जोड़ों का धार्मिक विधि-विधान से सामूहिक विवाह व निकाह सम्पन्न कराया गया जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग के 04, अन्य पिछड़ा वर्ग के 02, सामान्य वर्ग के 01 व अल्पसंख्यक वर्ग के 02 जोड़े ने प्रतिभाग किया। सभी जोड़े विकासखण्ड- बिसरख व दादरी के निवासी थे जिनका विधि-विधान से सामूहिक विवाह व निकाह सम्पन्न कराया गया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह विकासखण्ड-बिसरख परिसर में वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिये पहुँचे अतिथि ब्लॉक प्रमुख-बिसरख अप्रीत कौर व उनके पुत्र श्यामेन्द्र नागर, मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ. शिवाकान्त द्विवेदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी फनीश कुमार, निदेशक व्हाईट पर्ल फाउंडेशन प्रशान्त कुमार एवं महिला सेवा शक्ति फाउंडेशन व अन्य उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मा० मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के विषय में ब्लाक प्रमुख द्वारा जनमानस को कहा गया कि मा० मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना माननीय मुख्यमंत्री जी की अत्यन्त महत्वाकांक्षी योजना हैं जो अत्यन्त लोकप्रिय हो चुकी हैं जिसका आमजनता को लाभ लेना चाहिये जिससे गरीब परिवारों की आर्थिक रूप से मदद हो सके, निःसंकोच होकर गरीब लड़कियों का विवाह करने व करवाने में मदद करनी चाहिये।
विकासखण्ड-बिसरख में विवाह प्रमाण-पत्र व पंजीकरण हेतु अलग से व्यवस्था की गई जिसमें नवदम्पत्तियों का बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। सभी आवेदिकाओं द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह पोर्टल पर आवेदन किया गया जिसके फलस्वरूप उक्त पोर्टल से पंजीकृत विवाह प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सामूहिक विवाह में उपस्थित नवदम्पत्तियों को उच्चाधिकारियों द्वारा सहर्ष विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह में सम्मिलित अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक वर्ग के जोड़ों को विवाह उपहार सामाग्री इत्यादि प्रदान की गई। उक्त कार्यक्रम में श्री प्रशान्त कुमार, निदेशक, व्हाईट पर्ल फाउंडेशन एवं महिला सेवा शक्ति फाउंडेशन द्वारा नवदम्पत्तियों को उपहार स्वरूप मिठाई व साडियाँ प्रदान की गई। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित जोडों के परिवार के सदस्यों हेतु खान-पान व्यवस्था का भी उचित प्रबंध किया गया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत विकासखण्ड-बिसरख में आयोजित समारोह में ब्लॉक प्रमुख-बिसरख श्रीमती अप्रीत कौर व उनके सुपुत्र श्री श्यामेन्द्र नागर, डॉ. शिवाकान्त द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी, गौतमबुद्धनगर, श्री सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, गौतमबुद्धनगर, श्री प्रशान्त कुमार, निदेशक, व्हाईट पर्ल फाउंडेशन एवं महिला सेवा शक्ति फाउंडेशन के सदस्य, श्री फनिश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी, बिसरख के नामित कार्मिक व समस्त विकासखण्ड एवं विकास भवन के अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतम बुद्ध नगर। इस संबंध में देखे प्रेस विज्ञप्ति👇

