*भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिवस सेवा दिवस के रूप में मनाया गया*
*सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में आयोजित हुए विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम*
*“आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों एवं आमजन ने दीप प्रज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण का लिया संकल्प*
*जिला अस्पताल में फल वितरण एवं रक्तदान शिविर, नोएडा प्राधिकरण में दीप प्रज्वलन, उद्योग केंद्र में विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण, कृषि विज्ञान केंद्र दादरी में कृषि गोष्ठी तथा विभिन्न स्थानों पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम हुए आयोजित*
*वेदवन पार्क, वृद्धाश्रम, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों, विकासखंड कार्यालय एवं समस्त सरकारी भवनों में भी हुआ दीप प्रज्जवलन*
*गौतमबुद्धनगर, 17 सितंबर 2026*
भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस को “सेवा दिवस” के रूप में मनाते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर में गुरुवार को विभिन्न सेवा, जनकल्याण एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को टूल किट वितरण, कृषि गोष्ठी, प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन तथा “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में मा0 जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, लाभार्थियों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
*जिला अस्पताल नोएडा में फल वितरण एवं IMA भवन नोएडा, ग्राम बिसरख में रक्तदान शिविर आयोजित*
यशस्वी प्रधानमंत्री जी के जन्म दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए जिला अस्पताल नोएडा में मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उन्हें फल वितरित किए तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसी क्रम में IMA भवन नोएडा में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसका मा0 सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने शुभारंभ किया, इस दौरान माननीय विधायक नोएडा पंकज सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। वही ग्राम बिसरख में आयोजित रक्तदान शिविर का माननीय सांसद राज्यसभा सुरेंद्रनगर द्वारा शुभारंभ किया गया। इसी प्रकार माननीय विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह द्वारा जेवर में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। आयोजित रक्तदान शिविरों में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के साथ-साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
*कृषि विज्ञान केंद्र छौलस, दादरी में कृषि गोष्ठी एवं दीप प्रज्वलन*
कृषि विज्ञान केंद्र, छौलस, दादरी में कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान किसानों से कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा उन्हें कृषि की आधुनिक तकनीकों, उपयोगी जानकारी एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इसके उपरांत “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के अंतर्गत दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं किसानों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, जनकल्याण तथा समाज के अंतिम पायदान तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया।
*वेदेवन पार्क सेक्टर-78 नोएडा में दीप प्रज्जवलन*
मा0 नोएडा विधायक पंकज सिंह द्वारा वेदेवन पार्क, सेक्टर-78, नोएडा में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान अधिकारी एवं जनसामान्य की भी सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, जनकल्याण एवं जनभागीदारी के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। इस अवसर पर माननीय विधायक जी द्वारा 05 लाभार्थियों को को टूलकिट वितरण की तथा वेदवन पार्क में प्रदर्शित लेजर शो का भी सभीजनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों सहित आमजन ने अवलोकन किया।
*नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-96 में दीप प्रज्वलन*
नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय, सेक्टर-96, नोएडा में “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के अंतर्गत दीप प्रज्वलित किए गए। इस दौरान अधिकारी एवं जनसामान्य की सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
*जिला उद्योग केंद्र सूरजपुर में विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण*
जिला उद्योग केंद्र, सूरजपुर में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लाभार्थियों को टूल किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर की उपस्थिति रही। इस दौरान महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पंकज निर्वाण सहित संबंधित अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। लाभार्थियों को उपलब्ध कराई गई टूल किट के माध्यम से उनके पारंपरिक एवं कौशल आधारित कार्यों को सहयोग प्रदान करने तथा स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। साथ ही दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को दोहराया गया।
*वृद्धाश्रम दनकौर में वरिष्ठजनों के सम्मान एवं सेवा का संदेश*
“आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धाश्रम, दनकौर में भी दीप प्रज्ज्वलित कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदना एवं सेवा भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में वरिष्ठजनों के सम्मान तथा उनके प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
*कस्तूरबा गांधी विद्यालय दादरी एवं दनकौर में छात्राओं ने किया दीप प्रज्जवलन*
कस्तूरबा गांधी विद्यालय, दादरी एवं दनकौर में भी “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के अंतर्गत दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विद्यालयों में छात्राओं एवं संबंधित स्टाफ ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए दीप जलाए तथा सेवा, सद्भाव एवं जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में छात्राओं की सहभागिता के माध्यम से समाज में सेवा एवं जनभागीदारी के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित किया गया।
*समस्त सरकारी कार्यालयों, भवनों एवं लाभार्थी परिवारों ने भी जलाया “आशीर्वाद का दिया”*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न शासकीय भवनों एवं सरकारी कार्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शिक्षण संस्थानों, विकासखंड, नगर पालिका, नगर पंचायतों, प्रमुख मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों को दीपों से रोशन किया गया। “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के परिवारों ने भी अपने-अपने घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए। इस प्रकार सरकारी संस्थानों के साथ-साथ लाभार्थी परिवारों एवं आमजन ने भी सेवा संकल्प अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
*ग्राम ततारपुर में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम ततारपुर, विकासखंड बिसरख में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन भी माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर द्वारा किया गया। इस पहल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर महिला समूहों एवं ग्रामीण क्षेत्र में संचालित गतिविधियों को प्रोत्साहन देने तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता एवं समाज के अंतिम पायदान तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से और मजबूत किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों, लाभार्थियों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन की सामूहिक सहभागिता से जनपद में सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।
सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर

