Bharat Vandan News
Image default
प्रशासनिक

ट्रैक्टरों और वाहनों के काफिले के साथ जेवर पहुँची कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा, ऋषि जावल चौक पर विशाल नुक्कड़ सभा के साथ हुआ समापन।

ट्रैक्टरों और वाहनों के काफिले के साथ जेवर पहुँची कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा, ऋषि जावल चौक पर विशाल नुक्कड़ सभा के साथ हुआ समापन।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि किसानों के अधिकारों, सम्मान और उनकी समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा निकाली जा रही प्रांतीय किसान अधिकार यात्रा आज जनपद गौतमबुद्ध नगर की जेवर विधानसभा में पहुंची। जहांगीरपुर अनाज मंडी से प्रारंभ हुई यात्रा सैकड़ों ट्रैक्टरों एवं अन्य वाहनों के विशाल काफिले के साथ विभिन्न गांवों एवं कस्बों से गुजरते हुए जेवर नगर पहुंची, जहां ऋषि जावल चौक पर विशाल नुक्कड़ सभा के साथ यात्रा का जोशीला समापन हुआ।

किसान अधिकार यात्रा के संयोजक अजय छोंकर के संयोजन में जहांगीरपुर अनाज मंडी से बड़ी संख्या में स्थानीय किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ यात्रा में शामिल हुए। हाथों में कांग्रेस के झंडे और किसानों के अधिकारों से जुड़े नारे लिखी तख्तियां लिए किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।

यात्रा में विशेष रूप से पहुंचे पूर्व सांसद दानिश अली तथा पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी संजीव आर्या ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर किसानों के साथ जेवर की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान सैकड़ों ट्रैक्टरों और वाहनों का लंबा काफिला किसान एकता और संघर्ष का प्रतीक बना। किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला भी विशेष रूप से यात्रा में उपस्थित रहे।

ऋषि जावल चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद दानिश अली ने कहा कि देश का किसान केवल अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मांग रहा, बल्कि वह अपने सम्मान और भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा, जिस किसान के श्रम से देश का पेट भरता है, आज उसी किसान को अपनी जमीन, फसल और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। सत्ता को यह समझ लेना चाहिए कि किसान की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी किसानों की इस लड़ाई में मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी एवं पूर्व विधायक संजीव आर्या ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांव, खेत और किसान की आवाज को सत्ता के दरवाजे तक पहुंचाने का जनांदोलन है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने किसानों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन जमीन पर किसान महंगी खाद, बीज, डीजल, बिजली और बढ़ती लागत से परेशान है। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य और जमीन का उचित मुआवजा मिलना उनका अधिकार है। कांग्रेस किसान के हक और सम्मान की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी ताकत से लड़ेगी।

किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि देश का किसान आज चौतरफा संकट से जूझ रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसान की आय उसी अनुपात में नहीं बढ़ी। उन्होंने कहा, “किसान कांग्रेस का स्पष्ट संकल्प है कि किसान को उसकी फसल का न्यायपूर्ण मूल्य, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा और उसके अधिकारों की संवैधानिक सुरक्षा मिले। किसान अधिकार यात्रा के माध्यम से पूरे प्रदेश के किसानों की आवाज को एक मजबूत आंदोलन में बदला जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गौतमबुद्ध नगर का किसान विकास के नाम पर दशकों से अपनी जमीन देता आया है, लेकिन बदले में उसे अपने अधिकारों के लिए बार-बार आंदोलन करना पड़ा है।
उन्होंने कहा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के विकास की बुनियाद यहां के किसानों की जमीन और उनके त्याग पर खड़ी है। इसके बावजूद किसान आज भी आबादी निस्तारण, उचित मुआवजे, विकसित भूखंड, स्थानीय युवाओं के रोजगार और अन्य बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। जेवर एयरपोर्ट और आसपास हो रहे तेज विकास के बीच सबसे पहला अधिकार उस स्थानीय किसान और उसके परिवार का है जिसने अपनी जमीन देकर इस विकास का रास्ता बनाया है।

किसान अधिकार यात्रा के संयोजक अजय छोंकर ने कहा कि जहांगीरपुर अनाज मंडी से जेवर तक जिस उत्साह से किसानों ने अपने ट्रैक्टरों के साथ यात्रा में भागीदारी की, उसने साबित कर दिया है कि किसान अब अपने अधिकारों को लेकर चुप बैठने वाला नहीं है। उन्होंने कहा, “यह यात्रा किसान के स्वाभिमान की यात्रा है। खेत, फसल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने के लिए किसानों को एकजुट होना होगा। आज जेवर की धरती से किसानों ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि उनके अधिकारों की अनदेखी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।

किसान अधिकार यात्रा में अजय छोंकर,मुकेश यादव,सतीश शर्मा,सुरेन्द्र प्रताप,गणेश मीणा,सतपाल सिंह, दिनेश अवाना,गौतम अवाना, पुरुषोत्तम नागर, मौहम्मद तकी, मास्टर हबीब,राजू राव,राजकुमार शर्मा,दिनेश शर्मा,रघुराज शर्मा,नरेश शर्मा,रामकुमार शर्मा,धर्म सिंह,मुकेश शर्मा, अरुण भाटी,बिन्नू भाटी,रमेश बघेल,रिज़वान चौधरी,कपिल भाटी,प्रिंस भाटी,नीतीश चौधरी, सुनील भाटी,अजब सिंह,पुनीत मावी,सचिन भाटी,दीपक प्रजापति,जतन सिन्हा आदि कांग्रेस कार्यकर्ता तथा सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

Related posts

सीएम के विजन से चमकी किस्मत, पीएम से मिला संवाद का मौका* *ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में गोरखपुर की कौशल्या देवी से भी संवाद किया पीएम मोदी ने*

admin

डिजिटल मार्केट, मजबूत सप्लाई चेन और सुशासन से यूपी के हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान: भूपेंद्र चौधरी*

admin

जनपद के माननीय ने प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह जी ने प्रेस वार्ता करते हुए प्रदेश की 09 वर्ष की उपलब्धियां पर डाला प्रकाश*

admin