मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं यातायात सुरक्षा पर हुआ भव्य जागरूकता कार्यक्रम
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए समाज की सामूहिक सहभागिता आवश्यक : वक्तागण
ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर एवं जिला प्रशासन गौतम बुद्ध नगर के मार्गदर्शन में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर तथा NIET ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “मिशन शक्ति 6.0” कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय, प्रेरणादायी एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, साइबर सुरक्षा एवं यातायात सुरक्षा के प्रति छात्र-छात्राओं, महिलाओं, उद्यमियों एवं आमजन को जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, उद्योगपतियों, महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ NIET ग्रेटर नोएडा के निदेशक डॉ. विनोद कुमार द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जागरूक नागरिकों का निर्माण करना भी है। उन्होंने मिशन शक्ति जैसे जन-जागरूकता अभियानों को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
मुख्य वक्ता एडीसीपी (महिला सुरक्षा एवं यातायात) श्रीमती मनीषा सिंह, आईपीएस ने अपने अत्यंत प्रभावशाली एवं प्रेरक उद्बोधन में मिशन शक्ति अभियान, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण एवं रोचक जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज का निर्माण करते हैं तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और सही जानकारी सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती प्रेरणा सिंह, आईएएस ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को शिक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के माध्यम से जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से लोक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत का भी दायित्व है कि प्रत्येक कार्यस्थल महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसर वाला वातावरण प्रदान करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन, शिक्षण संस्थानों एवं उद्योग जगत के समन्वित प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और अधिक प्रभावी रूप से स्थापित होगा।
NIET ग्रेटर नोएडा की एडिशनल मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती नीमा अग्रवाल ने अपने संक्षिप्त एवं सारगर्भित वक्तव्य में कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, नैतिक मूल्यों एवं नागरिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने मिशन शक्ति जैसे अभियानों को युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर NIET ग्रेटर नोएडा के निदेशक डॉ. विनोद कुमार, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नरेश कुमार, IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, संयुक्त सचिव वीरेन्द्र रावल, कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर, श्रीमती सिमरन खत्री, श्रीमती पूनम माहेश्वरी, श्रीमती रंजना दीक्षित, श्री शन्नी खत्री एवं श्री आकाश चौहान, सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त उद्योग श्री जी.पी. गोस्वामी, डॉ. चंचल वार्ष्णेय, मीडिया प्रतिनिधिगण, उद्यमी, NIET के फैकल्टी सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में NIET ग्रेटर नोएडा के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नरेश कुमार ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, आयोजकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए वोट ऑफ थैंक्स प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी के सहयोग को इस सफल आयोजन की आधारशिला बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों ने इस आयोजन को समाज में जागरूकता, सुरक्षा एवं सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक अत्यंत प्रभावशाली और सार्थक पहल बताया।

