*11 से 13 अगस्त तक इंडिया एक्सपो मार्ट में इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का होगा आयोजन*
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 तथा वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित*
*सभी विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं अतिथि प्रबंधन पर विशेष जोर*
*गौतमबुद्धनगर, 06 अगस्त 2026*
11 से 13 अगस्त, 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 तथा कार्यक्रम में प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज इंडिया एक्सपो मार्ट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन, कानून-व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, अतिथि सत्कार सहित अन्य तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से संबंधित समस्त तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में देश-विदेश से प्रतिनिधि, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक, नीति-निर्माता एवं गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की एवं सुव्यवस्थित होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं तथा आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले सभी अतिथियों एवं प्रतिनिधियों के लिए बेहतर समन्वय एवं आतिथ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में तीनों दिवस के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दिन प्रदर्शनी का शुभारंभ तथा बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी एवं नीतिगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को सम्मेलन के दूसरे दिन सीईओ राउंडटेबल, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ.), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट, वित्तपोषण तथा नवीन तकनीकों से संबंधित विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में अत्याधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों का प्रदर्शन भी जारी रहेगा।
जिलाधिकारी ने आगे बताया कि समिट के समापन अवसर पर विभिन्न तकनीकी सत्रों के साथ भविष्य की कार्ययोजना, निवेश साझेदारी, उद्योग-सरकार समन्वय तथा बायोएनर्जी क्षेत्र में नई संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। समापन सत्र में सम्मेलन के निष्कर्ष एवं सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे उत्तर प्रदेश सहित देश में स्वच्छ ऊर्जा एवं बायोएनर्जी क्षेत्र को नई दिशा मिल सके।
बैठक में बताया गया कि इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) एवं एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का उद्देश्य “लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना” विषय पर वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श एवं तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना है।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र आयोजित होंगे, जिनमें 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि तथा 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ), ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, बायो-मोबिलिटी, कार्बन मार्केट, कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (सीसीयूएस) सहित बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में निदेशक यूपीनेडा रविंद्र सिंह, इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) के डायरेक्टर जनरल संजय गंजू, एडिशनल पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

