Bharat Vandan News
Image default
दिल्ली NCR

वीर अग्निशमन कर्मियों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा — अमित कुमार उपाध्याय

वीर अग्निशमन कर्मियों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा — अमित कुमार उपाध्याय

उद्योग केंद्र-1, ईकोटेक-3 स्थित ILJIN Electronics Pvt. Ltd. में हुए भीषण अग्निकांड के दौरान अग्निशमन विभाग के पाँच कर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे। अत्यंत दुःख के साथ उपचार के दौरान दो वीर अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दे दिया, जबकि शेष तीन घायल कर्मियों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना करता है।

IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह घटना पूरे औद्योगिक परिवार के लिए अत्यंत हृदयविदारक है। जिन वीर अग्निशमन कर्मियों ने उद्योगों, श्रमिकों और जन-धन की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा, “मुझे स्वयं अनेक अग्निकांडों के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री प्रदीप चौबे जी एवं उनकी टीम के कार्य को निकट से देखने का अवसर मिला है। श्री चौबे जी स्वयं अग्रिम पंक्ति में रहकर टीम का नेतृत्व करते हैं और पूरा फायर विभाग अपनी जान की परवाह किए बिना जन-धन एवं उद्योगों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता है। ऐसे वीर अग्निशमन कर्मियों का बलिदान हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।”

उन्होंने कहा कि IBA एवं जिले का समस्त उद्यमी परिवार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ा है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। यदि दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को भविष्य में रोजगार अथवा किसी अन्य प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, तो IBA एवं जिले के उद्यमी अपनी सामर्थ्य के अनुसार हरसंभव सहायता एवं रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।

श्री उपाध्याय ने सभी उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं सक्षम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में हम सभी का नैतिक दायित्व है कि इन वीर परिवारों का हाथ थामें। हमारी छोटी-सी सहायता भी उनके जीवन का संबल बन सकती है। यही उन वीर अग्निशमन कर्मियों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने दूसरों की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर दिवंगत वीर अग्निशमन कर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें तथा घायल अग्निशमन कर्मियों को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करें।

Related posts

क्यूपी कॉर्पोरेशन (जापान) का यमुना सिटी में ₹200 करोड़ निवेश प्रस्ताव; 10 एकड़ के फूड प्रोसेसिंग प्लांट की योजना

admin

*अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में भारत शिक्षा एक्सपो 2025 के भव्य ‌द्वितीय संस्करण की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार*

admin

सूरजपुर में ऐतिहासिक प्राचीन बाराही मेला-2026 का भव्य आयोजन, 1 अप्रैल से 13 अप्रैल तक ग्रेटर नोएडा (सूरजपुर)। क्षेत्रीय धरोहर के रूप में प्रसिद्ध सूरजपुर बाराही मेला-2026 का आयोजन

admin