IBA की पहल पर ACEO सुमित यादव ने अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण
ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं IBA टीम के निरंतर प्रयासों और पहल पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सुमित यादव ने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने क्षेत्र की साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज, सीवरेज, सड़क, जलभराव एवं हॉर्टिकल्चर से संबंधित समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कूड़े के ढेर तत्काल हटाने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने, झाड़ियों की कटाई तथा मानसून से पूर्व सभी ड्रेनों की युद्धस्तर पर सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के गड्ढों को फिलहाल गिट्टी डालकर रोलर से दुरुस्त करने, सड़क चौड़ीकरण का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने तथा निर्माणाधीन चौड़ी आरसीसी ड्रेन के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान बड़े नाले से जुड़ रही निर्माणाधीन कलवर्ट एवं जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। एसीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्रेनेज, गार्बेज, सीवरेज, सड़क अथवा हॉर्टिकल्चर—किसी भी समस्या के कारण उद्यमियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए।
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा, “संस्था का प्रयास केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान को धरातल पर सुनिश्चित कराना है। IBA लगातार औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर, सुविधायुक्त एवं आदर्श औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित कराने के लिए शासन-प्रशासन और प्राधिकरण के साथ प्रभावी समन्वय कर रही है। यह प्रयास पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर जारी रहेगा।”
अमित उपाध्याय ने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके समाधान के लिए टीम गठित करने तथा हमेशा की तरह सकारात्मक सहयोग प्रदान करने हेतु ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री रवि कुमार एन.जी. का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही, मौके पर पहुंचकर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण करने एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावी दिशा-निर्देश देने के लिए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सुमित यादव का भी धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक श्री चेतराम सिंह, प्रोजेक्ट विभाग के मैनेजर श्री प्रशांत समाधिया, संविदा सुपरवाइजर श्री जितेंद्र कुमार, श्री प्रमोद कुमार, श्री अनिल कुमार एवं श्री धनेश भाटी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की टीम के सदस्य एवं पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
— इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर

