ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए पेड़ों की धुलाई
————————–
–ग्रेनो व ग्रेनो वेस्ट में 30 से अधिक टैंकर पेड़ों की धुलाई के काम में लगे
–कूड़ा जलता दिखे तो प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046 पर दें सूचना
————————–
ग्रेटर नोएडा। एनसीआर के सबसे ग्रीन शहर ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण कोई कसर नहीं छोड़ रहा। प्राधिकरण के सीईओ बलकार सिंह के निर्देश पर उद्यान विभाग ग्रेटर नोएडा व ग्रेनो वेस्ट में लगे पेड़ों की धुलाई भी करा रहा है। उद्यान विभाग के प्रभारी उपनिदेशक ज्ञानेंद्र यादव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। दोनों जगहों के लिए 30 से अधिक टैंकर लगाए गए हैं। एसटीपी से शोधित पानी से पेड़ों की धुलाई की जा रही है। इससे पेड़ों की धूल साफ हो जाएगी। पेड़ अधिक हरे-भरे दिखेंगे। पेड़ों की धुलाई से पानी पत्तियों से कच्ची जमीन पर टपकता रहेगा, जिससे पेड़ों के नीचे जमीन पर नमी भी अधिक होगी और इससे धूल उड़ने की समस्या और कम होगी। इसके अतिरिक्त प्राधिकरण का परियोजना विभाग और स्वास्थ्य सहित अन्य संबंधित विभाग प्रदूषण रोकने में लगे हैं। प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग निर्माण साइटों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाए गए हैं। इसके साथ ही प्राधिकरण के 8 एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किया जा रहा है, ताकि धूल न उड़े। इस काम में एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सड़कों की सफाई के लिए 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन लगाई गई है। उप महाप्रबंधक ने अपील की है कि अगर कहीं भी कूड़ा जलता दिखे तो प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046/47/48/49 पर सूचना अवश्य दें। इसके साथ ही प्राधिकरण के मित्रा ऐप पर भी इसकी जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने निवासियों से ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की है।
—————

