– कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी जा जनपद का पहला दौरा।संगठन की मजबूती, किसान हित और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक हुई सम्पन्न।
ग्रेटर नोएडा। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, गौतमबुद्ध नगर की बैठक आज सोमवार, 24 अगस्त 2026 को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, बिसरख, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आयोजित की गई।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी श्री संजीव आर्या जी, पूर्व विधायक विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के पश्चात प्रभारी जी ने जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर संगठनात्मक स्थिति एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री संजीव आर्या जी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह बनाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहने वाला संगठन होना चाहिए। प्रत्येक पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में नियमित जनसंपर्क करते हुए किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों तथा आम नागरिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए गांव, बूथ और मंडल स्तर तक संगठन का विस्तार तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
श्री आर्या ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर की पहचान किसानों और ग्रामीण समाज से गहराई से जुड़ी हुई है। विकास के नाम पर किसानों की जमीन का अधिग्रहण, उचित मुआवजा, आबादी एवं लीजबैक से जुड़े मामले, रोजगार में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं तथा किसानों के लंबित मुद्दे कांग्रेस के लिए प्रमुख जनसरोकार के विषय हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे इन मुद्दों को केवल राजनीतिक बयान तक सीमित न रखें, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों और ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करें तथा उनकी आवाज को प्रशासन और सरकार तक मजबूती से पहुंचाएं।
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य गौतमबुद्ध नगर में एक ऐसा मजबूत और सक्रिय संगठन तैयार करना है जो हर बूथ पर मौजूद हो और जनता के सुख-दुख में लगातार उसके साथ खड़ा दिखाई दे। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिला कांग्रेस द्वारा संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ने तथा युवा और नए कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
श्री चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर का किसान आज भी अपनी जमीन, उचित मुआवजे, आबादी, रोजगार और अपने अधिकारों से जुड़े अनेक सवालों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों पर किसानों की आवाज को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन के साथ-साथ जनसरोकार की राजनीति कांग्रेस की प्राथमिकता होगी और आने वाले समय में जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में किसानों एवं आम जनता से सीधे संवाद के कार्यक्रमों को और व्यापक किया जाएगा।
शहर कांग्रेस कमेटी नोएडा के अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दादरी क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरीकरण के बावजूद बड़ी संख्या में लोग रोजगार, महंगाई, किसानों के अधिकार, विस्थापन और स्थानीय समस्याओं से जूझ रहे हैं। शहर कांग्रेस इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी तथा वार्ड से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एकजुटता, मजबूत संगठन और जनता के मुद्दों के आधार पर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से बूथ स्तर पर शुरू की जाए। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, मतदाता सूची का अध्ययन करने, नए मतदाताओं को कांग्रेस से जोड़ने, वरिष्ठ एवं पुराने कांग्रेसजनों को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका देने तथा सभी फ्रंटल संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा किसानों एवं आम जनता के स्थानीय मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। बैठक के उपरांत प्रदेश प्रभारी श्री संजीव आर्या जी ने उपस्थित कांग्रेसजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका परिचय लिया और संगठन को लेकर उनके सुझाव भी सुने।
बैठक में
अजय चौधरी, सुरेन्द्र प्रताप, मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, निशा शर्मा, अशोक पंडित, लियाकत चौधरी, रामकुमार तंवर, पुरुषोत्तम नागर, ललित अवाना, नीरज लोहिया, रिज़वान चौधरी, श्रुति कुमारी, रूबी चौहान, धर्म सिंह, उर्मिला चौधरी, बिन्नू नेता जी, जतन सिन्हा, विजय नागर, सतपाल सिंह, तकी मोहम्मद, धर्मबीर सिंह, अरुण भाटी, यतेंद्र शर्मा, फिरे नागर,अरविंद रेक्सवाल, कैलाश बंसल, महकार तंवर, रघुराज शर्मा, सचिन जीनवाल सहित भारी संख्या में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

