Bharat Vandan News
Image default
राजनीतिक

पत्रकार वार्ता) – किसानों के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगी जिला कांग्रेस गौतमबुद्ध नगर।

(पत्रकार वार्ता) – किसानों के हक और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगी जिला कांग्रेस गौतमबुद्ध नगर।

आदरणीय पत्रकार बंधु
नमस्कार,

06 अक्टूबर 2026 को दादरी नगर में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’

जिला कांग्रेस कमेटी, गौतम बुद्ध नगर द्वारा आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को स्वर्णनगरी ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस द्वारा दादरी में आयोजित किए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के अंतर्गत ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ तथा जेवर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाली प्रांतीय किसान पदयात्रा के संबंध में मीडिया को विस्तृत जानकारी दी गई।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के अंतर्गत कल दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को दादरी नगर में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आम नागरिक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मार्च के माध्यम से सरकार को स्पष्ट और मजबूत संदेश देगी कि वोट की पवित्रता, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का अधिकार किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र की बुनियाद हैं।

दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा, आज देश में वोट चोरी के सवाल, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विपक्ष के लोकतांत्रिक विरोध के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिशों से ऐसा वातावरण बनाया जा रहा है जिसे कांग्रेस अघोषित आपातकाल के रूप में देखती है। कांग्रेस पार्टी ऐसी किसी भी कोशिश के सामने झुकने वाली नहीं है। हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा अभियान है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश देंगे।
07 अक्टूबर 2026 को जेवर विधानसभा में प्रांतीय किसान यात्रा

पत्रकार वार्ता में आगामी 07 अक्टूबर 2026 को जेवर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाली प्रांतीय किसान पदयात्रा की रूपरेखा भी साझा की गई।

यात्रा संयोजक अजय छोंकर ने बताया कि किसान यात्रा ट्रैक्टर-ट्रालियों के हुजूम के साथ जहांगीरपुर क्षेत्र से प्रारंभ होकर मोहबलीपुर, थोरा, मॉडलपुर, किशोरपुर, बनवारीवास, नीमका सहित विभिन्न गांवों से गुजरते हुए जेवर नगर में सम्पन्न होगी। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता किसानों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी स्थानीय एवं व्यापक समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।

इस किसान यात्रा में नवनियुक्त उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’, कॉंग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रांतीय प्रभारी सचिव पूर्व विधायक संजीव आर्य सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ प्रदेशीय एवं राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि गौतम बुद्ध नगर का किसान लंबे समय से भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा, आबादी निस्तारण, किसानों के अधिकारों, स्थानीय युवाओं के रोजगार तथा प्राधिकरणों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर संघर्ष करता रहा है। कांग्रेस पार्टी किसानों की इन समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी किसानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा, किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समाज की रीढ़ है। किसानों को उनका हक, सम्मान और न्याय मिलना चाहिए। 07 अक्टूबर की किसान पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेगी और उनकी आवाज को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का काम करेगी।

पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष दीपक चोटीवाला ने स्पष्ट कहा कि 06 अक्टूबर का ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा की आवाज बनेगा, जबकि 07 अक्टूबर की किसान पदयात्रा किसानों के अधिकार, सम्मान और न्याय के सवालों को मजबूती से उठाएगी।

जिला कांग्रेस कमेटी ने जनपद के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, कार्यकर्ताओं तथा किसानों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, मीडिया पैनलिस्ट दुष्यंत नागर, किसान यात्रा संयोजक अजय छोंकर, सेवादल चेयरमैन सतीश शर्मा, सैनिक प्रकोष्ठ चेयरमैन महाराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ चेयरमैन अरुण भाटी, अनुसूचित जाती चेयरमैन धर्म सिंह जीनवाल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष श्रुति कुमारी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह, जिला कार्यालय प्रभारी सचिव सुबोध भट्ट पत्रकार वार्ता मैं मौजूद रहे।
—
दीपक भाटी चोटीवाला
जिला अध्यक्ष, कांग्रेस – गौतमबुद्ध नगर

Related posts

वोट चोर–गद्दी छोड़” के नारों के साथ कलेक्ट्रेट तक कांग्रेस का पैदल मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।

admin

परी चौक पर यात्रियों की असुविधा को लेकर विधायक जेवर ने जताई चिंता

admin

*माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊ में एवं माननीय मंत्री बृजेश सिंह जी ने जनपद में छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित*

admin