Bharat Vandan News
Image default
प्रशासनिक

UPITS 2026 के दूसरे दिन कारोबार में जबरदस्त उछाल, भारी जनसैलाब और ग्लोबल बायर्स की सक्रिय भागीदारी

UPITS 2026 के दूसरे दिन कारोबार में जबरदस्त उछाल, भारी जनसैलाब और ग्लोबल बायर्स की सक्रिय भागीदारी
केंद्रीय मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने किया UPITS का दौरा, टेक्नोलॉजी शोकेस का लिया जायजा
ODOC बना आकर्षण का प्रमुख केंद्र; शानदार बिक्री और B2B बैठकों से बढ़ा कारोबारी उत्साह
क्विज़, मॉडल यूनाइटेड नेशंस और माइम गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी
ग्रेटर नोएडा, 26 सितंबर 2026: चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) का दूसरा दिन कारोबार, खरीदारों, तकनीक, ज्ञान, खान-पान और संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में सुबह से ही ट्रेड विजिटर्स, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और आम आगंतुकों की भारी भीड़ उमड़ी। पहले दो दिनों में करीब 2 लाख आगंतुकों की मौजूदगी ने चौथे संस्करण के प्रति जबरदस्त उत्साह को दर्शाया। प्रदर्शनी हॉल में एमएसएमई, निर्माता, निर्यातक, स्टार्टअप्स, ODOP उद्यम और कारीगर दिनभर खरीदारों से संवाद करते और उत्पाद संबंधी पूछताछ प्राप्त करते नजर आए।
कारोबार UPITS की धड़कन बना रहा। पहले दिन विदेशी खरीदारों और उत्तर प्रदेश के विक्रेताओं के बीच 2,000 से अधिक B2B बैठकें हुईं, जिनसे लगभग ₹140 करोड़ मूल्य के 200 से अधिक MoUs/व्यावसायिक समझौते हुए। दूसरे दिन कारोबारी गतिविधियों ने और गति पकड़ी तथा अंतरराष्ट्रीय एवं घरेलू खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच लगभग 7,500 B2B बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों के परिणामस्वरूप करीब 450 MoUs/व्यावसायिक समझौते हुए, जिनका अनुमानित व्यावसायिक मूल्य लगभग ₹550 करोड़ रहा। खरीदारों के साथ संवाद का ठोस कारोबारी अवसरों में बदलना UPITS 2026 की एक परिणामोन्मुखी सोर्सिंग और ट्रेड प्लेटफॉर्म के रूप में बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है। UPITS अब केवल उत्पादों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा बिजनेस कन्वर्जन प्लेटफॉर्म बन रहा है, जहां परिचय पूछताछ में, पूछताछ बातचीत में और बातचीत व्यावसायिक साझेदारी में बदल रही है।
दूसरे दिन की प्रमुख उपलब्धियों में माननीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद की उपस्थिति भी रही। उन्होंने “UP’s Journey from Electronics Leader to Semiconductor Powerhouse” विषयक सत्र में भाग लिया। व्यापक व्यापार और मैन्युफैक्चरिंग अवसरों पर अपने विचार रखते हुए उन्होंने टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, घरेलू विनिर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भारतीय उत्पादों को वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भारत के लगातार विस्तृत होते व्यापार समझौतों के नेटवर्क और हाल में संपन्न भारत–EU FTA वार्ताओं से उत्पन्न होने वाले अवसरों पर भी प्रकाश डाला।
विभिन्न सेक्टर आधारित सत्रों में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ नेतृत्व की भी सक्रिय भागीदारी रही। इनमें श्री सुनील कुमार शर्मा, माननीय मंत्री, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स; श्री ए.के. शर्मा, माननीय मंत्री, नगर विकास; श्री दयाशंकर सिंह, माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), परिवहन; तथा श्री ब्रजेश पाठक, माननीय उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री शामिल रहे। उनकी भागीदारी ने UPITS 2026 के व्यापक और बहु-क्षेत्रीय स्वरूप को रेखांकित किया।
दूसरे दिन One District One Cuisine (ODOC) आगंतुकों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा। उद्घाटन दिवस पर ODOC पोर्टल के शुभारंभ के बाद इस पहल को आगंतुकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। अलग-अलग जिलों के पारंपरिक स्वाद और विशिष्ट पाक पहचान ने भारी भीड़ आकर्षित करने के साथ बिक्री को भी प्रोत्साहित किया। गोरखपुर का लिट्टी-चोखा, बनारसी पान, दाल मुरादाबादी, अलीगढ़ की आलू कचौड़ी, इटावा का खीर मोहन तथा सुल्तानपुर की कड़ाहा की पूरी और कोहरे की सब्जी विशेष आकर्षण रहे। यह प्रतिक्रिया उत्तर प्रदेश की पाक विरासत को भोजन की थाली से आगे ले जाकर फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन, ब्रांडिंग और उद्यमिता से जोड़ने की व्यावसायिक क्षमता को सामने लाती है। यदि ODOP ने उत्तर प्रदेश के उत्पादों और शिल्प को बड़ा बाजार दिया है, तो ODOC अब प्रदेश के जिलों के स्वाद और उनकी खान-पान की कहानियों को व्यापक बाजार तक पहुंचा रहा है।
नॉलेज सेशंस भी दूसरे दिन के एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहे। नगर विकास विभाग द्वारा “Solid Waste Management Rule 2026 – Roles & Responsibilities of Bulk Waste Generators” विषय पर आयोजित सत्र में श्री ए.के. शर्मा और विषय विशेषज्ञों ने सतत शहरी प्रबंधन पर विचार-विमर्श किया। परिवहन विभाग के सत्र में सड़क सुरक्षा, तकनीकी हस्तक्षेप, वाहनों की फिटनेस और उत्तर प्रदेश में शून्य सड़क मृत्यु के लक्ष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स पर केंद्रित “UP’s Journey from Electronics Leader to Semiconductor Powerhouse” सत्र में श्री जितिन प्रसाद, श्री सुनील कुमार शर्मा, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों तथा इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और AI इकोसिस्टम के उद्योग प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में तकनीक आधारित औद्योगिक विकास के अगले चरण पर मंथन किया। स्वास्थ्य क्षेत्र के सत्र में PM-JAY लाभार्थियों के लिए सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा हुई। वहीं “Building the Future of Pharma & MedTech in Uttar Pradesh: Innovation, Investment, Infrastructure & Global Opportunity” सत्र में नीति निर्माताओं, संस्थानों और उद्योग जगत ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक फार्मा एवं मेडटेक हब के रूप में विकसित करने पर विचार साझा किए।
UPITS 2026 ने युवाओं को केवल दर्शक नहीं, बल्कि आयोजन का सक्रिय सहभागी बनाने की अपनी पहल को भी आगे बढ़ाया। विद्यार्थियों ने क्विज़ प्रतियोगिता, मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) प्रतिनिधित्व और MIME जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों ने व्यापार मेले के वातावरण में ज्ञान, कूटनीति, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति का नया आयाम जोड़ा। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को उद्यमिता, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, तकनीक, सार्वजनिक नीति और तेजी से बदलती कार्य-दुनिया से सीधे जुड़ने का अवसर मिला। एक ओर कुछ ही हॉल की दूरी पर कारोबारी भविष्य के बाजारों पर चर्चा कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थी उस अर्थव्यवस्था को करीब से देख और समझ रहे थे, जिसका वे आने वाले वर्षों में हिस्सा बनेंगे और उसे आकार देंगे।
प्रदर्शनी हॉल में जारी व्यावसायिक गतिविधियों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दूसरे दिन को रंग और सुरों से सराबोर कर दिया। संध्या कार्यक्रम में नोएडा के पं. चेतन जोशी द्वारा वाच वंदन, लखनऊ की सुश्री वंदना मिश्रा द्वारा लोक गायन, नोएडा की सुश्री मर्यादा कुलश्रेष्ठ द्वारा कथक नृत्य प्रस्तुति तथा प्रयागराज की सुश्री पूर्णिमा कुमार द्वारा ढेड़िया नृत्य प्रस्तुत किया गया। दिन का समापन लोकप्रिय गायिका मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट के साथ हुआ।
दूसरे दिन ने एक बार फिर यह रेखांकित किया कि UPITS 2026 अब “Trade, Tradition and Transformation” — व्यापार, परंपरा और परिवर्तन का सशक्त संगम बन चुका है। अभी तीन दिन शेष हैं और UPITS 2026 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में जारी रहेगा, जहां व्यवसायों, खरीदारों और आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की विशाल आर्थिक विविधता, उद्यमशीलता और वैश्विक बाजारों से उसके बढ़ते जुड़ाव को करीब से अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

Related posts

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा भविष्य उन्मुख शिक्षा हेतु CSR सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय राउंड टेबल का आयोजन*

admin

ग्रेनो प्राधिकरण में ई-ऑफिस शुरू, अब फाइल वर्क ऑनलाइन होगा ————————————— –प्रदेश में कहीं से भी फाइलें अप्रूव्ड की जा सकेंगी, फाइलें भी सुरक्षित रहेंगी –एनआईसी ने तैयार की अफसरों की ईमेल आईडी, डिजिटल साइन भी बन रही –प्रदेश सरकार की पहल पर सरकारी विभाग ई-ऑफिस में कनवर्ट किए जा रहे

admin

नवागंतुक जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कलेक्ट्रेट ग्रेटर नोएडा पहुंचकर पदभार किया ग्रहण* *निवर्तमान जिलाधिकारी ने नवागंतुक जिलाधिकारी को सौंपा जिलाधिकारी का चार्ज, दी शुभकामनाएं

admin