Bharat Vandan News
Image default
प्रशासनिक

जनपद में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस* *जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट एवं कैंप कार्यालय में किया ध्वजारोहण*

*जनपद में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस*

*जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट एवं कैंप कार्यालय में किया ध्वजारोहण*

 

*अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया कर्तव्यनिष्ठा एवं देशहित में कार्य करने का संकल्प*

 

*धर्म पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां*

 

*गौतमबुद्धनगर 15 अगस्त, 2026*

 

राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान में प्रतिभाग किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिव नारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गुप्ता को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, देशभक्ति पर आधारित उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले धर्म पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इसके उपरांत देश के अमर शहीदों के बलिदान एवं स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए वृहद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिकों एवं जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि आज हम सभी भारत के राष्ट्रीय पर्व 80वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे उल्लास एवं गरिमा के साथ मना रहे हैं। आजादी का यह पावन दिन हमें असंख्य वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान के बाद प्राप्त हुआ है। आज हमारा भारत देश निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। हमें स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर को केवल एक दिन के उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने तथा उनका निर्वहन करने के संकल्प के रूप में मनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देशभक्ति की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता करनी चाहिए और स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम चाहे किसी भी क्षेत्र में कार्यरत हों, समाज के जरूरतमंद और निराश्रित लोगों की सहायता के लिए अपना योगदान दे सकते हैं। सामाजिक सेवा के माध्यम से जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों को जरूरतमंदों की सहायता और सेवा के लिए समर्पित किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि हमें अपने बच्चों को भी देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान के बारे में बताना चाहिए। उन्हें यह समझाना चाहिए कि जिस देश की आजादी के लिए हमारे वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसके प्रति हमारी भी जिम्मेदारी है। हम सभी को अपने जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक कार्यों के माध्यम से देश और समाज के लिए योगदान देना चाहिए तथा जमीन से जुड़कर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। यही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीर शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि और राष्ट्र के प्रति हमारी वास्तविक देशभक्ति होगी।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी मेहनत एवं ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करें। यदि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं देशहित की भावना से करेगा, तो निश्चित रूप से भारत के अमर शहीदों के सपनों का सशक्त, समृद्ध एवं विकसित भारत बनाने की दिशा में हम और मजबूती से आगे बढ़ सकेंगे।

इस अवसर पर धर्म पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों में देशभक्ति की भावना का संचार करते हुए सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, अरूण वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार एवं संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

इसी क्रम में कैंप कार्यालय में भी जिलाधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।

Related posts

*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ग्राम योजना विकास प्रक्रिया को लेकर नीति निर्धारक एवं तकनीकी समिति की बैठक हुई संपन्न*

admin

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कैंप कार्यालय नोएडा में जनसुनवाई कर सुनी जनता की समस्याएं*

admin

ग्रेनो प्राधिकरण ने भनौता में हटाया अतिक्रमण ————————– –40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को तोड़ा –अतिक्रमण से मुक्त जमीन की कीमत लगभग 80 करोड़

admin